रायपुर

54 हजार के रिवॉर्ड प्वाइंट का झांसा देकर क्रेडिट कार्ड से साढ़े तीन लाख उड़ाए
11-Mar-2026 7:58 PM
 54 हजार के रिवॉर्ड प्वाइंट का झांसा देकर क्रेडिट कार्ड से साढ़े तीन लाख उड़ाए

रायपुर, 11 मार्च। राजधानी में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर  लाखों रुपए की ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आई टी 66, 318-4 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक डीडी नगर रायपुरा स्थित अग्रोहा कॉलोनी निवासी रत्नेश तिवारी (72) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 फरवरी 2026 को शाम  7 से 7.39 बजे के बीच उसके मोबाइल पर किसी अज्ञात नम्बर 7076165000 कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर 54 हजार रुपए के रिवॉर्ड प्वाइंट मिले हैं। जिन्हें रिडीम किया जा सकता है। इसके बाद आरोपी ने रत्नेश के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करने पर  बैंक से जुड़ी जानकारी भरने को कहा। इस पर रत्नेश ने उसकी बातों में आकर जैसे ही लिंक के माध्यम से जानकारी साझा की, आरोपी ने क्रेडिट कार्ड से दो बार में 3 लाख 43 हजार रुपए निकाल लिए। इसकी जानकारी रत्नेश को क्रेडिट कार्ड से पैसा कटने के मैसेज आने पर हुआ। इसके बाद दिया हुआ लिंक भी बंद हो गया। ठगी होने का शक हाने पर रत्नेश तिवारी ने डीडी नगर थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट