रायपुर

तीन पिंक पेट्रोलिंग दस्ते महिलाओं को देंगे सुरक्षा
09-Mar-2026 7:00 PM
तीन पिंक पेट्रोलिंग दस्ते महिलाओं को देंगे सुरक्षा

व्हाट्सएप नंबर 94792-10932 पर तुरंत सहायता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मार्च। पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला द्वारा रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पिंक पेट्रोलिंग टीम की शुरुआत की गई  है।

एसीपी अमित कांबले ने पिंक पेट्रोलिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान  उपायुक्त  डॉ अर्चना झा , तारकेश्वर पटेल ,  एपीसी रुचि वर्मा,  निलेश द्विवेदी , एवं पुलिस अधिकारी  उपस्थित थे। इस पहल के अंतर्गत कुल 27 अधिकारी एवं कर्मचारी की टीम गठित की गई है, जो कॉल ट्रैकर एवं कंट्रोल यूनिट तथा पेट्रोलिंग के माध्यम से महिलाओं से संबंधित आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करेगी।

पिंक पेट्रोलिंग टीम प्रतिदिन दो शिफ्टों में  प्रात: 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा  दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित होगी। कॉल ट्रैकर एवं कंट्रोल यूनिट महिलाओं से जुड़ी आपातकालीन कॉल प्राप्त कर तत्काल संबंधित डीसीपी जोन की पिंक पेट्रोलिंग टीम को सूचना देगी, जिस पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता सुनिश्चित करेगी। महिलाओं को त्वरित सहायता देने समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94792-10932 भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से महिलाएं आवश्यकता पडऩे पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकेंगी।

इसे तीन डीसीपी जोन के अनुसार तैनात किया गया है। प्रत्येक जोन में एक समर्पित पिंक पेट्रोलिंग टीम द्वारा नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। यह टीम सप्ताह में दो दिन स्कूल, कॉलेज, मॉल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर तथा सुरक्षा संबंधी सुझावों का प्रचार-प्रसार भी करेगी।


अन्य पोस्ट