रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 मार्च। दिव्यांगों को सरकारी नौकरी में पदोन्नति न दिए जाने को लेकर भाजपा विधायक प्रबोध मिंज ने समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को घेरा। इस पर मंत्री ने इसकी जांच कराने और लंबित आवेदनों की सूची देने की घोषणा की।
सोमवार को विधानसभा में श्री मिंज ने तारांकित प्रश्न के जरिए यह मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि दिव्यांगों की सीधी भर्ती और पदोन्नति के क्या नियम और पदों के आरक्षण की क्या स्थिति है। और राज्य के नोडल समाज कल्याण विभाग ने इस पर अब तक क्या कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सीधी भर्ती में तो इन्हें आरक्षण का लाभ मिल रहा है लेकिन पदोन्नति में नहीं दिया जा रहा। इससे कई दिव्यांग पदोन्नति से वंचित रह गए हैं।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि सीधी भर्ती के लिए केंद्रीय नियम अनुसार 4 प्रतिशत और छत्तीसगढ़ राज्य दिव्यांग जन अधिकार अधिनियम की 27 में 7प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। इसी तरह से पदोन्नति में भी 3त्न आरक्षण है। श्री मिंज ने कहा कि लेकिन एक भी दिव्यांग को पदोन्नति नहीं दी गई है। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने भी पदोन्नति में आरक्षण को 3 को 4 त्न करने का आदेश दिया गया है।मिंज ने पूछा कि पदोन्नति के लिए कितने आवेदन लंबित हैं। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि वर्ष 2022 से कोई आवेदन नहीं मिला है। इस पर प्रबोध ने कहा एक दिव्यांग ने आवेदन दिया था लेकिन अब तक पदोन्नत नहीं किया गया है। इसे लेकर उन्होंने एक साल पहले भी प्रश्न पूछा था उसके बाद भी पदोन्नति नहीं दी गई।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी ने कहा कि एक का होना था लेकिन उन्होंने लेने से मना कर दिया था। मंत्री के इस जवाब पर पर मिंज ने यह कहकर आश्चर्य जताया कि कौन अधिकारी कर्मचारी होगा जो पदोन्नति नहीं चाहेगा। यह उत्तर ठीक नहीं है। मेरे पास यह एक नहीं 4-5 आवेदन हैं जो पदोन्नति से वंचित रखे गए हैं। अन्य विभागों में और क?ई होंगे। नोडल विभाग इन पर कब तक कार्यवाही करेगा। इस पर श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि विभाग से इसका परीक्षण कराएंगी।
रोक के बाद खाद्य और नान अफसरों के तबादला का होगा परीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 मार्च। खाद्य विभाग और नागरिक आपूर्ति निगम (नान)के अफसरों पर लंबित विभागीय जांच,और तबादलों पर रोक के बाद किए गए स्थानांतरणों पर भाजपा के पुरंदर मिश्रा ने खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को घेरा। मंत्री ने अपने जवाब में ऐसे तबादलों की जांच के लिए अफसरों को निर्देशित करने की बात कही।
सोमवार को प्रश्न काल में श्री मिश्रा ने तारांकित प्रश्न के जरिए यह मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि कितने नान प्रबंधकों पर जांच चल रही है और कितनों पर कार्रवाई की गई है। डीई वालों पर क्या कार्रवाई हुई। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने ने बताया कि दो खाद्य अधिकारी पर मामले चल रहे हैं। इनमें से एक निलंबित किया गया है। इसी तरह से 9 नान प्रबंधकों पर भी जांच चल रही है। इनमें से दो रिटायर,2 निलंबित किए गए हैं। बाकी पर जांच जारी है। श्री मिश्रा ने पूछा कि ऐसे अफसरों को जांच पूरी होते तक हटाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में तबादलों पर रोक लगी हुई है और उसके बाद भी नान में तबादले किए जा रहे हैं। इस पर क्या कार्रवाई करेंगे? मंत्री बघेल ने कहा कि तबादलों में रोक के बाद से किए गए सभी तबादलों पर कार्रवाई करने निर्देश करेंगे।


