रायपुर

लक्ष्मी वर्मा, फूलोदेवी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं
09-Mar-2026 6:22 PM
लक्ष्मी वर्मा, फूलोदेवी राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 मार्च। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा से लक्ष्मी वर्मा, और कांग्रेस से फूलोदेवी नेताम निर्विरोध चुन ली गईं। आज नाम वापसी के बाद चुनाव अधिकारी मनीष शर्मा, दिनेश त्रिवेदी ने दोनों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिए। इस चुनाव में इनके अलावा किसी और प्रत्याशी ने पर्चे दाखिल नहीं किए थे। फूलोदेवी लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुई हैं। जबकि लक्ष्मी वर्मा पहली बार उच्च सदन की सदस्य होंगी। दोनों को प्रमाण पत्र सौंपे जाने के समय भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह समेत कई विधायक और मंत्री मौजूद रहे। वहीं श्रीमती नेताम के साथ नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज आदि मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ से दो सीटें 9 अप्रैल को रिक्त हो रही हैं। इनमें से एक सीट के सदस्य केटीएस तुलसी हैं। इसके बाद ही दोनों सदस्य दिल्ली जाकर राज्यसभा सचिवालय में अपने प्रमाण पत्र जमा करने के बाद सदस्यता की शपथ लेंगी। अपने निर्वाचन पर श्रीमती वर्मा, और श्रीमती नेताम ने अपने-अपने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया है। साथ ही कहा है कि पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।


अन्य पोस्ट