रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च। होली और उससे एक दिन पहले शहर के अलग-अलग जगहों पर मारपीट की घटनाएं सामने आई है। इस बीच पुरानी रंजिश, मोहल्ले में हल्ला मचाने और नशे की हालत में पड़ोसियों से विवाद हुआ। इस बीच हाथ मुक्का और डण्डे-पत्थर से हमला हुआ। गाड़ी में तोडफ़ोड़ भी की गई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
उरला पुलिस के मुताबिक आशीष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कक्षा 12वीं का छात्र है। 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1.50 बजे वह अपने दोस्त दिलखुश और मनीष के साथ राजेन्द्र नगर स्थित माता रानी दुकान के पास घूम रहा था। इसी दौरान दोस्त के साथ मजाक में धक्का-मुक्की हो रही थी। तभी मोहल्ले का रहने वाला राहुल और उसके साथी वहां पहुंचे और उपद्रव करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की डंडे और पत्थर से हमला किया। हमले में आशीष के सिर और माथे में चोट आई। बीच-बचाव करने आए मनीष और दिलखुश पर भी हमला हुआ। उधर सिविल लाइन के भावे नगर में चाय का ठेला लगाने वाली नजमा अंसारी ने पड़ोसियों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाई है। उसने शिकायत में बताया कि 6 मार्च 2026 की रात करीब 12.5 बजे पड़ोसी विज्या का भाई उनके घर पहुंचा और दरवाजे पर लात मारते हुए पत्थर फेंकने लगा। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद विज्या भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गई और सभी ने मिलकर नजमा तथा उनके बच्चों आफताब, फिजा और महक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में सभी को चोटें आई हैं।
उधर संतोषी नगर में भी विवाद का मामला सामने आया है। जशवंत ने पुलिस को बताया कि 7 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह न्यू जनरेशन सैलून के सामने खड़ा था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई विमल जोशी और उमेश जोशी नशे की हालत में वहां पहुंचे और पैसे के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्थर मारकर उसकी एक्टिवा (ष्टत्र-04-3833) को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसके भाई को जान से मारने तथा कार जलाने की धमकी दी। बाद में आरोपी उसके घर पहुंचे और उसके माता-पिता को भी गाली-गलौज कर धमकाया। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


