रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च। राजधानी में मार्च महीने के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को राजधानी का मुख्य मार्ग जीई रोड इसी गर्मी की वजह से कुछ सन्नाटे में रहा। सडक़ पर आवाजाही आम दिनों के मुकाबले कम ही रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी और तपिश में इजाफा होगा। रायपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दिन के समय तापमान 36 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात में तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शहर में हवा की गति लगभग 10.4 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान लगभग 30.2 डिग्री, मंगलवार को 31.1 डिग्री, बुधवार को 31.8 डिग्री, गुरुवार को 32.2 डिग्री, शुक्रवार को 32.5 डिग्री और शनिवार को 32.8 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।