रायपुर

कमल खिलाने का दावा करने वाले भाजपाई अफीम की खेती करने लगे- कांग्रेस
08-Mar-2026 8:16 PM
कमल खिलाने का दावा करने वाले भाजपाई अफीम की खेती करने लगे- कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 मार्च। दुर्ग में भाजपा राइस मिल प्रकोष्ठ के संयोजक (निलंबित)के अफीम की खेती में लिप्तता और गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने जमकर हमले किए हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व अध्यक्ष पंकज शर्मा और अन्य नेताओं ने एक पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती उसके ही नेता कर रहे हैं। कमल खिलाने का दावा करने वाले भाजपाई अफीम के पौधे उगाने लगे हैं।

दुर्ग के समोदा गांव में 10 एकड़ में अफीम की यह  खेती करने वाला विनायक ताम्रकार भाजपा के दुर्ग जिला किसान मोर्चा का पूर्व अध्यक्ष भी रहा है। वह भाजपा का स्थापित नेता और प्रदेश पदाधिकारी है।केंद्रीय और राज्य मंत्रियों  संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ  उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में है। इनके हवाले से मेनन ने कहा कि बिना सरकार के संरक्षण के कोई अफीम की खेती खुलेआम करे यह संभव नहीं है। भाजपा जब से सरकार में आई जुआ, सट्टा, शराब की तस्करी और  नशे का कारोबार बढ़ गया। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर गृह मंत्री इस्तीफा दें।

भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ नशे के मामले में पंजाब. गुजरात और पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ चुका है। शहरों के आउटर के कैफे तो युवाओं को नशा परोसने का केंद्र बन चुके है। पुलिस इसको रोकने के बजाय सहयोगी बनी हुई है।  राज्य में भाजपा की 2 साल से सरकार है। कौन सत्ताधीश इसके पीछे है इसका भी खुलासा होना चाहिए?

पिछले 13 महीना के दौरान 2599 प्रकरण नारकोटिक्स के दर्ज हुए जो ज्यादातर सोशल मीडिया के माध्यम से हुए हैं, सरकार का इंटेलिजेंस और प्रशासन मौन हैं। कार्यवाही के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। मेनन ने कहा ड्रग पेडलरों पर कार्यवाही के नाम पर केवल टेरर फंडिंग वसूली जा रही है नव्या मलिक और फर्जी आईबी अधिकारी के मामले में यह सरकार सैकड़ों ड्रग पेडलरों के नाम छुपा रही है, विधानसभा के सवाल पर भी जवाब नहीं दिया गया। छत्तीसगढ़ में नशाखोरी का अमृतकाल चल रहा है।


अन्य पोस्ट