रायपुर
प्रेस क्लब में पिंक रूम का उद्घाटन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, पत्रकारिता, खेल और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिला पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाकर जनजागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
श्रीमती राजवाड़े ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई में महिला पत्रकारों के बीच आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता महिला पत्रकार टीमों को घोषित 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर महिला पत्रकारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित ‘पिंक रूम’ का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की सुविधाएं महिला पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।


