रायपुर

33 जिलों में 5 दिनों तक लगातार महिलाओं के मामलों की सुनवाई
07-Mar-2026 7:31 PM
33 जिलों में 5 दिनों तक लगातार महिलाओं के मामलों की सुनवाई

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महा जन-सुनवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 7 मार्च। राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यक्रम अनुसार छत्तीसगढ़  महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस  पर राज्य आयोग कल  8 से 13 मार्च  तक प्रदेश के सभी पांच संभागों में महा जन सुनवाई सप्ताह का आयोजन किया है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा पूर्व में साढ़े 5 वर्षों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर लगभग 370  जनसुनवाई कर  चुका है। इसमें लगभग 8000 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। इसी अनुभव को विस्तार देते हुए, इस बार संभाग स्तर पर एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों  के प्रकरणों की संभागवार एक साथ सुनवाई की जाएगी।

इस महा-अभियान को सफल बनाने के लिए आयोग द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला संरक्षण अधिकारी , केंद्र प्रशासिका सखी वन स्टॉप सेंटर एवं काउंसलिंग हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विधिक सलाहकारों का विशेष सहयोग लिया जा रहा है। साथ ही, सुनवाई के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन का भी विशेष सहयोग सुनिश्चित किया गया है।

सभी संभागों में जनसुनवाई प्रात: 10 बजे से प्रारंभ की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों के प्रकरण सुनवाई हेतु सूचीबद्ध हैं, उन्हें स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त जो महिलाएं पूर्व में आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे सुनवाई स्थल पर अपने नए आवेदन भी प्रस्तुत कर सकती है।

संभागवार विस्तृत कार्यक्रम

 09 मार्च (सरगुजा संभाग)

 स्थान- जिला पंचायत सभाकक्ष, अंबिकापुर।

 शामिल जिला सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर एवं जशपुर। (कुल 101 प्रकरण)

10 मार्च  (बिलासपुर संभाग)

स्थान प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग परिसर, बिलारापुर।

शामिल जिला बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, राक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं गौरेला पेंड्रा मरवाही। (कुल 169 प्रकरण)

 11 मार्च (दुर्ग संभाग)

 स्थान- प्रेरणा सभाकक्ष, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग परिसर, दुर्ग।

 शामिल जिला- दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। (कुल 113 प्रकरण)

12 मार्च (रायपुर संभाग)

 स्थान- छ.ग. राज्य महिला आयोग कार्यालय परिसर, शास्त्री चौक, रायपुर।

 शामिल जिला रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी एवं महासमुंद। (कुल 292 प्रकरण)

- 13 मार्च (बस्तर संभाग)

स्थान- प्रेरणा सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट परिसर, जगदलपुर।शामिल जिला बस्तर (जगदलपुर), कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर एवं बीजापुर। (कुल 87 प्रकरण)


अन्य पोस्ट