रायपुर
लक्ष्मी-फूलो के नामांकन वैध, निर्वाचन प्रमाण पत्र 9 को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 मार्च। छत्तीसगढ़ से दो राज्य सभा के लिए लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। दोनों के निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
आज 6 मार्च दोनों के फॉर्म की जांच की हुई। इसमें इनके प्रतिनिधि विधानसभा में उपस्थित थे। चुनाव अधिकारी के पास उन्होंने बताया कि कांग्रेस के प्रत्याशी श्रीमती फूलों देवी नेताम और भाजपा की प्रत्याशी श्रीमती लक्ष्मी वर्मा के फॉर्म वैद्य पाए गए जांच में फॉर्म में कोई त्रुटि नहीं पाई गई और दोनों के फॉर्म को स्वीकार कर लिया गया। वहीं तेलंगाना के एक व्यक्ति कंटे सयन्ना ने भी राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में छत्तीसगढ़ से फॉर्म भरा था लेकिन फॉर्म अधूरा पाया गया उसमें प्रस्तावक और समर्थन नहीं होने के कारण फॉर्म निरस्त कर दिया गया। सयन्ना, दमईगुडा मेडचर्ल मलकाजगिरी निवासी है। उन्होंने स्वयं आकर नामांकन दाखिल किया था।
इसके बाद तय हो गया है कि कांग्रेस की श्रीमती फूलो देवी नेताम और भाजपा से श्रीमती लक्ष्मी वर्मा निर्विरोध निर्वाचित घोषित होंगी।
9 मार्च को नामांकन वापसी की अंतिम दिन दोनों को निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र दे दिया जाएगा।
इससे पहले भाजपा ने नवीन मारकंडेय को पहले डमी प्रत्याशी के तौर पर पर्चा दाखिल करने की संभावना जताई जा रही थी।
विधानसभा में संख्या बल के आधार पर भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिलना लगभग तय है। हालांकि भाजपा की नजर कांग्रेस के प्रत्याशी पर टिकी हुई थी। यदि कांग्रेस राज्य से बाहर के किसी नेता को उम्मीदवार बनाती, तो भाजपा नवीन मारकंडेय को वास्तविक प्रत्याशी बनाकर मुकाबला खड़ा कर सकती थी।लेकिन कांग्रेस ने मौजूदा राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम को दोबारा मैदान में उतारने का फैसला किया। इसके बाद भाजपा ने अपनी रणनीति बदली और नवीन मारकंडेय ने नामांकन दाखिल नहीं किया।


