रायपुर

होली सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है - साय
03-Mar-2026 10:53 PM
होली सद्भाव, अपनत्व और गिले-शिकवे भुलाने का पर्व है - साय

रायपुर प्रेस क्लब के होली मिलन समारोह रंगोत्सव मुख्यमंत्री हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मार्च। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय सोमवार को रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह रंगोत्सव एवं महामूर्ख सम्मेलन 2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि  यह पर्व हमें छोटी-छोटी अनबन और गिले-शिकवे भुलाकर नए सिरे से संबंधों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब में की गौरवशाली परंपरा रही है। जहां वर्षों से होली मिलन और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य कर रहा है, यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहनी चाहिए।  इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री  साय का अनूठे अंदाज में मिर्ची की माला पहनाकर तथा त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक ‘नानसेंस टाइम्स’ का विमोचन भी किया।

 साय ने बजाया नगाड़ा, रंगों के उल्लास में झूमे पत्रकार

समारोह में  मुख्यमंत्री साय ने स्वयं नगाड़ा बजाकर उत्सव का जोश दोगुना कर दिया। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की धुन पर मुख्यमंत्री भी पत्रकार साथियों के साथ फाग गीतों और होली के उल्लास में सहभागी बने। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार द्वय पंकज झा,  आर कृष्णा दास,  सांसद संतोष पांडेय, विधायक  सुनील सोनी,  मोतीलाल साहू,  प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित अन्य पत्रकार, जनप्रतिनिधि,  अधिकारीएवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट