रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मार्च। योगदा सत्संग सोसायटी का तीन दिवसीय ध्यान शिविर का रविवार को समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन स्वामी ललितानंद ने देश भर से आए साधकों को क्रिया दीक्षा दी। छत्तीसगढ़ में पहली बार दीक्षा दी गई। क्रिया दीक्षा के समय साधक रो पड़े क्योंकि उनका कहना था कि लंबे समय से गुरु की खोज की यात्रा आज समाप्त हुई।
स्वामी आद्यानंद और स्वामी ललिता नन्द ने क्रिया योग की प्रविधियों को परमहंस स्वामी योगानंद जी के निर्देशानुसार कैसे किया जाए इसके बारे में बारीकी से समझाया। साथ ही बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी बताया। वहीं ब्रह्मचारी चिन्मयानंद ने बताया कि कैसे क्रिया दीक्षा आध्यात्मिक यात्रा की गति को बेहद तेज कर देती है। सत्र के अंतिम दिन योगदा से आए संन्यासियों ने रायपुर ध्यान मंडली समेत आयोजन समिति की तारीफ की। मुख्य आयोजन जे पी वासन, डॉ. आशीष महोबिया,विजय रंजन,सुरोबिन रॉय,धीरज,डॉ स्वाति महोबिया,ज्योति, कोलकाता से आये हुई श्री पापरी ने किया।
गुरु दीक्षा के बाद स्वामी योगानंद ने अपने शिष्यों को गुरु दीक्षा के बाद जो वचन कहे थे उन्हें भी सुनाया गया। जिसमें परमहंस योगानंद ने कहा है कि वे अपने क्रिया साधकों का साथ तब तक नहीं छोड़ते जब तक वो ईश्वर के राज्य के अधिकारी नहीं बन जाते। योगदा संन्यासियों ने यह भी बताया कि कैसे हम अपनी आध्यात्मिक यात्रा के जरिए आज विश्व में फैले तनाव में भागीदार बनने से बच सकते हैं। सत्र के अंतिम समय में केवल साधक ही नहीं संन्यासियों की आँखें भी खुशी, प्रेम और कृतज्ञता से नम थी।