रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 मार्च। देशभर में 7 मार्च तक जन औषधि सप्ताह मनेगा । रविवार को पहले दिन स्वास्थ्य शिविर होने थे लेकिन रायपुर और आसपास में ऐसे आयोजन की कोई खबर या तस्वीर सामने नहीं आई हैं। इस वर्ष समारोह की थीम जन औषधि -सस्ती भी, भरोसेमंद भी है। छत्तीसगढ़ में सप्ताह भर विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य जन औषधि केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के लाभों के प्रति आम जनता को जागरूक करना है। ये शिविर 5 मार्च तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। इनमें जिला चिकित्सालय जशपुर- बिलासपुर, रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), दुर्ग के चयनित वार्ड क्षेत्र, तथा महासमुंद, रायपुर और राजनांदगांव शामिल हैं। इन शिविरों में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा किफायती जन औषधि दवाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
6 मार्च को रायपुर में जन औषधि पदयात्रा आयोजित की जाएगी। जो लोगों को लागत प्रभावी उपचार विकल्प अपनाने और स्वास्थ्य व्यय कम करने के प्रति जागरूक करेगी। 7 मार्च को रायपुर में 8वां जन औषधि दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, अधिकारी एवं लाभार्थी भाग लेंगे।