रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 फरवरी। राजधानी रायपुर के कोतवाली इलाके में एक बुजुर्ग किसान के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उससे सीनियर सिटीजन कार्ड हेड ऑफिस कोलकाता का अधिकारी बताकर एपीके फाइल भेज वीडियो कॉल के माध्यम से डेबिट कार्ड व आधार कार्ड की फोटो लेकर खाता से 5 लाख पार कर दिए। गुलाम खान ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक छोटापारा, मस्जिद के पास रहने वाले गुलाम खान खेती-किसानी का काम करते हैं। 26 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीनियर सिटीजन कार्ड हेड ऑफिस कोलकाता से बताया और कहा कि उनका सीनियर सिटीजन कार्ड बनाया जाना है। इसके लिए उसने व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे ओपन करने को कहा। कृषक होने के कारण गुलाम खान ने सरकारी प्रोसेस होना समझकर फाइल खोली। इसके बाद उसके फोन पर दूसरे नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने ऑनलाइन प्रोसेस बताकर आधार और बैंक खाते से लिंक करने के लिए एटीएम कार्ड और आधार कार्ड का कहा। ठग ने बुजुर्ग को विश्वास में लेते हुए औपचारिकता पूरी करने की बात कही। जिसपर गुलाम खान उसके झांसे में आकर अपना डेबिट कार्ड और आधार कार्ड कैमरे पर दिखा दिया।
कुछ देर बाद कॉल करने वाले ने कहा कि वह कॉल अपने सीनियर अधिकारी को ट्रांसफर कर रहा है। इसके बाद उसके पास एक अन्य नंबर से कॉल आया और एक एपीके फाइल भेजकर उसे ओपन करने को कहा गया। पूछने पर बताया गया कि इससे सीनियर सिटीजन कार्ड की लिमिट एक लाख रुपए से बढक़र पांच लाख रुपए हो जाएगी। लालच और भरोसे में आकर गुलाम खान ने फाइल खोली। कुछ समय बाद वह फाइल मोबाइल से डिलीट हो गया।
इसके बाद उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी और अनजान लिंक के मैसेज आने लगे। इससे घबराकर उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। चार घंटे बाद जब दोबारा फोन चालू किया तो उनके बैंक खाते से तीन किश्तों में पैसा कटने का मैसेज आया। आरोपी ने खाते से 2,00,102.76 रुपए, 2,00,102.76 रुपए और 99,546.07 रुपए निकाल लिए।
घटना की जानकारी उसने अपने बेटे, दामाद और भतीजे को दी। साइबर ठगी का शिकार होने पर $गलाम ने कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 318-4 का अपराध दर्ज किया है। बताए गए मोबाइल नम्बर और बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से आरोपी की तलाश की जा रही है।