रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 फरवरी। रायपुर में चेट्रीचंद महोत्सव के अवसर पर प्रस्तावित शोभायात्रा को प्रशासन ने सशर्त अनुमति प्रदान कर दी है। सिंधी समाज ने शर्तों पर आपत्ति की है, और सीएम व गृहमंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह किया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य), रायपुर कमिश्नरेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार 20 मार्च को शाम साढ़े 5 बजे से साढ़े 9 बजे तक शोभायात्रा की अनुमति दी गई है। इस पर छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के कार्यकारी अध्यक्ष किशोर आहूजा ने आपत्ति की है, और कहा कि चेट्रीचंद समाज सबसे बड़ा उत्सव है। मुख्य कार्यक्रम साढ़े 9 बजे के बाद ही शुरू होते हैं। ऐसे में समय का बंदिश लगाए जाना उचित नहीं है। इस मामले में समाज में नाराजगी है, और जल्द ही इस सिलसिले में सीएम और गृह मंत्री से मुलाकात कर हस्तक्षेप का आग्रह किया जाएगा।
बताया गया कि चेट्रीचंद महोत्सव समिति, सिंधी समाज की ओर से प्रस्तुत किया गया था। स्वीकृत मार्ग के तहत शोभायात्रा कंकालीपारा से प्रारंभ होकर कालीबाड़ी, तात्यापारा, बुढ़ापारा, रामसागरपारा, राठौर चौक, दानीलाल चौक, स्टेशन रोड गुरुद्वारा, संजय गांधी चौक और शास्त्री चौक होते हुए निर्धारित स्थान तक पहुंचेगी।
प्रशासन ने अनुमति के साथ कई शर्तें भी लागू की हैं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित मानकों और समय-सीमा के भीतर ही किया जा सकेगा। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। स्कूल, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी।
आयोजकों को यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने, किसी भी प्रकार की भडक़ाऊ गतिविधि से बचने तथा सुरक्षा एवं स्वच्छता की पूर्ण जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति में अनुमति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।