रायपुर
रायपुर, 28 फरवरी। नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीडि़ता अपूर्वा द्विवेदी ने बताया कि वर्तमान में वह अपने मायके लक्ष्मी नगर पचपेड़ीनाका में रहती है। उसकी शादी 7 दिसंबर 2024 को अमलीडीह स्थित गेलेक्सी रेसिडेंसी निवासी राजशेखर बथुला के साथ हुई थी। इसके बाद से ही पति, सास, ससुर और जेठ उसे दहेज को लेकर ताना देने लगे। ससुराल पहुंचने पर उसे कहा गया कि शादी में बहुत खर्चे हुए हैं। इसके हिसाब से दहेज भी कम मिला। इसे लेकर उसके साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता था। पति भी उसके साथ मारपीट कर शारीरिक प्रताडऩा देता था।
कुछ दिनों बाद पति का ट्रांसफर होने पर पुणे चले गए। वहां पर भी पति फ्लैट खरीदने के लिए मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता रहा।
पीडि़ता ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 को न्यू ईयर पार्टी के लिए पैसे मांगने पर मना करने से पति ने मारपीट कर उसका फोन छीन लिया और कमरे में बंद कर दिया। लगातार प्रताडऩा से परेशान होकर अपूर्वा 9 जनवरी 2025 को रायपुर मायके लौट आई। ससुराल पक्ष ने उसे वापस रखने से मना कर दिया। साथ ही सामान लेने जाने पर भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस दौरान उसके जेठ ने मारपीट की। इस बात की जानकारी अपूर्वा ने मायके वालों को दी। जिसके बाद उसने महिला थाना जाकर पति, ससुरालियों के खिलाफ धारा 85 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कराई है।