रायपुर

पेंशनरों के हक के 10 हजार करोड़ अटके, विधानसभा क्यों खामोश?
28-Feb-2026 5:52 PM
पेंशनरों के हक के 10 हजार करोड़ अटके, विधानसभा क्यों खामोश?

जवाबदेही तय हो, विधानसभा में हो स्पष्ट चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 फरवरी। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष एवं कर्मचारी नेता वीरेन्द्र नामदेव ने राज्य के वित्त मंत्री ओ पी चौधरी द्वारा बजट भाषण में पेंशन भुगतान के डिजिटलीकरण संबंधी खुलासे पर गंभीर प्रश्न उठाए हैं। वित्त मंत्री ने बताया कि पेंशन भुगतान प्रणाली के डिजिटलीकरण के बाद यह तथ्य सामने आया है कि छत्तीसगढ़ सरकार को मध्यप्रदेश से लगभग 10 हजार करोड़ रुपये प्राप्त होने हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि प्राप्त होने पर पेंशन भार में कमी आएगी।

महासंघ ने इस विषय को जनहित का अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए कहा है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि यह बकाया राशि कब, क्यों और किस प्रक्रिया में इतनी बड़ी हो गई। यदि यह राशि कई वर्षों से लंबित थी, तो अब तक इसकी निगरानी और वसूली के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए?

पुनर्गठन अधिनियम के प्रावधान क्या कहते हैं? उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49(6) के अनुसार पेंशनरी दायित्वों का विभाजन 74त्न मध्यप्रदेश एवं 26त्न छत्तीसगढ़ के अनुपात में निर्धारित किया गया था। प्रावधान के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार अपने हिस्से की 26त्न राशि का वहन करती रही है। महासंघ का आरोप है कि यदि मध्यप्रदेश द्वारा अपने हिस्से की राशि का नियमित भुगतान नहीं किया गया और वह राशि बढ़ते-बढ़ते 10 हजार करोड़ तक पहुंच गई, तो यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला है। इतने बड़े वित्तीय दायित्व का वर्षों तक संज्ञान में न आना चिंता का विषय है और इसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है।

पेंशनरों के हित से जुड़ा प्रश्न-यह राशि सीधे तौर पर लाखों वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों के अधिकारों से जुड़ी है। महासंघ का कहना है कि यह केवल दो राज्यों के बीच वित्तीय समन्वय का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का प्रश्न है।

महासंघ ने यह भी कहा कि यदि डिजिटलीकरण की प्रक्रिया से यह तथ्य सामने आया है, तो यह स्वागतयोग्य है; परंतु यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि अब तक की वित्तीय निगरानी प्रणाली में ऐसी कमी कैसे बनी रही।

विधानसभा में चर्चा की मांग-भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने सत्तापक्ष और प्रतिपक्ष के सभी विधायकों से आग्रह किया है कि वे इस विषय को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएं। यह आवश्यक है कि सरकार स्पष्ट समयसीमा बताए कि—मध्यप्रदेश से बकाया राशि की वसूली की प्रक्रिया क्या होगी? यह राशि कब तक प्राप्त होने की संभावना है? भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए क्या स्थायी तंत्र विकसित किया जा रहा है? महासंघ की भूमिका-महासंघ ने दावा किया है कि वर्ष 2018 से ही इस विषय पर राज्य सरकार को ज्ञापन एवं पत्राचार के माध्यम से आगाह किया जाता रहा है। हाल ही में वित्त विभाग द्वारा इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कराने के बाद स्थिति स्पष्ट हुई है।

महासंघ ने मांग की है कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए, जवाबदेही तय की जाए तथा पेंशनरों के हितों की रक्षा के लिए एक सुदृढ़ और पारदर्शी तंत्र स्थापित किया जाए।अंतत: यह केवल वित्तीय समायोजन का प्रश्न नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों वरिष्ठ नागरिकों के विश्वास और अधिकारों का विषय है। जनहित में सरकार को इस पर स्पष्ट, समयबद्ध और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट