रायपुर

आदिवासी परियोजना सलाहकार समिति की दो वर्ष से बैठक न होने पर घिरे नेताम
27-Feb-2026 9:00 PM
आदिवासी परियोजना सलाहकार समिति की दो वर्ष से बैठक न होने पर घिरे नेताम

टेकाम ने कहा छोटे छोटे काम आदिवासी क्षेत्रों में नहीं हो रहे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 फरवरी। भाजपा विधायक नीलकंठ टेकाम ने आदिवासी परियोजना सलाहकार समिति की दो वर्ष से बैठक न होने से जिला स्तर पर विकास कार्यों में मुश्किलों पर अजाक मंत्री रामविचार नेताम को घेरा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे बैठक के लिए अधिकारियों को निर्देश देंगे।

 शुक्रवार को प्रश्न काल में टेकाम ने कहा कि सलाहकार समिति आदिवासी परियोजना क्षेत्रों के लिए संवेदनशील होती है। बैठक न होने से कई छोटे छोटे काम नहीं हो पा रहे। टेकाम ने बताया कि कोंडागांव में 2023 से पहले 3 एकलव्य स्कूल भवन स्वीकृत हुए हैं जो अब तक नहीं बने हैं। 600 बच्चे दूसरे भवनों में असुविधाजनक स्थिति में रहकर पढ़ रहे है। भवन निर्माण के लिए जमीन नहीं मिली है। निर्माण कब तक होगा। मंत्री नेताम ने कहा कि समिति की साल भर में  2 बैठकें करने के निर्देश देता हूं। उन्होंने कहा कि 23-25 तक आबंटन स्वीकृत 29 में से 23 पूर्ण हो चुके हैं। विद्यालय भवन के लिए  आदिवासी वनांचल क्षेत्रों में जमीन आबंटन बड़ी समस्या है। वन भूमि होने से दिक्कत होती है। विभाग लगातार वन विभाग , कलेक्टरों के साथ बैठक कर मानिटर कर रहा है। जमीन मिलते ही निर्माण शुरू किया जाएगा। इस पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने श्री नेताम से कहा कि 2021 में भारत सरकार ने इन क्षेत्रों के लिए 5 एकड़ तक जमीन आबंटन के लिए कलेक्टरों को अधिकृत किया था। आप इस पर दोबारा केंद्र से मांग कर लें। कांग्रेस भाजपा के विधायकों ने मानपुर में 3 बार उद्घाटन के बाद भी विद्यालय शुरू न होने और आदिवासी मद की राशि अन्य कार्य में खर्च करने का मुद्दा उठाया।


अन्य पोस्ट