रायपुर
3 जिलों की 5 सडक़ों के लिए 109 करोड़ की निविदा को दी मंजूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर. 27 फरवरी। राज्य शासन ने बीजापुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले में 5 सडक़ों के लिए 108 .96 करोड़ रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। इस राशि से तीनों जिले में पुल-पुलियों सहित कुल 73.86 किलोमीटर सडक़ का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री लोक निर्माण अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित समयावधि में काम पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए मापदंडों के अनुरूप सभी सडक़ों और पुल-पुलियों के निर्माण सुनिश्चित करने को कहा है।
लोक निर्माण विभाग ने रायपुर जिले में 9 किलोमीटर लंबाई के भानसोज-बरछा-मालीडीह-खौली मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 20 करोड़ 17 लाख रुपए की निविदा स्वीकृत की है। इसमें मार्ग में पडऩे वाले पुल-पुलियों के निर्माण भी शामिल हैं। रायपुर में ग्राम चरौदा-धरसींवा में 3.20 किलोमीटर फोरलेन गौरवपथ के निर्माण के लिए 14 करोड़ 81 लाख रुपए तथा रायपुर रेलवे स्टेशन से शदाणी दरबार तक एक्सप्रेस-वे में 12.10 किलोमीटर लंबाई में डामर नवीनीकरण कार्य के लिए 14 करोड़ 43 लाख रुपए की निविदा को मंजूरी दी है।बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 7 किलोमीटर लंबाई में पुल-पुलियों सहित रिसदा बायपास मार्ग के निर्माण के लिए 11 करोड़ 91 लाख रुपए के निविदा को मंजूरी दी है। इसी तरह से बीजापुर जिले में 42.56 किलोमीटर लंबे पिनकोंडा से चेरपाल मार्ग के लिए 47 करोड़ 64 लाख रुपए की निविदा स्वीकृत की है। इस मार्ग में 80 पुल-पुलिया भी बनाए जाएंगे।
विभाग ने संबंधित ईई को निर्देश दिए है कि ये कार्य किसी अन्य को सब-लेट नहीं किए जाएंगे तथा कार्य संपादन के लिए पावर-ऑफ-अटॉर्नी मान्य नहीं होगी। राज्य शासन द्वारा इन निविदाओं की मंजूरी इस शर्त पर दी गई है कि अनुबंध के पूर्व ठेकेदार से एडीशनल परफॉर्मेंस सिक्योरिटी की राशि की बैंक गारंटी जो संपूर्ण कार्यावधि के लिए प्रभावशील हो, प्राप्त कर ली जाए।


