रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 फरवरी। राजधानी रायपुर में अलग-अलग थाना इलाकों में गुरुवार को जानलेवा हमला, मारपीट और शराब के लिए पैसों की मांग पर विवाद की घटना सामने आई है। पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टिकरापारा क्षेत्र की रहने वाली जानकी यदु ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 फरवरी की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति उनके कटोरा तालाब स्थित सैलून में पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने खुद को यूपी पुलिस का बताकर पूछताछ की और मसाज करने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों में से एक ने पिस्टल से गोली चला दी, जो काउंटर में जा लगी। जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने अरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 351(2), 3(5) तथा 25, 27 का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
देवेन्द्र नगर इलाके में एक छात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पारस नगर शिव मंदिर के पास पुराने विवाद को लेकर शुभम निषाद उर्फ बाबू ने उसे रोककर गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान युवक के दाहिने हाथ की उंगलियों में चोट आई। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। डीडी नगर थाना क्षेत्र के जोरापारा में कृष्णा जांगड़े के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीडि़त के अनुसार सागर यादव, समीर यादव और उसके साथी ने पुराने विवाद को लेकर उसके घर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए बाल पकडक़र मारपीट की। घटना में पीडि़ता के हाथ में चोट आई है।
उधर पुरानी बस्ती में सदीप कुर्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि लाखे नगर ढाल के पास सुनील नायक उर्फ गोलू ने उसका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। भीमनगर निवासी प्रमोद सेन ने शिकायत दर्ज कराई है कि नर्सिंग सेन और ज्योति सेन उसकी बहन से गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी, जिससे उसके गाल में चोट आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।


