रायपुर

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की पहचान घोटालों वाले राज्य के रूप में बना दी-सीएम साय
26-Feb-2026 7:38 PM
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की पहचान घोटालों वाले राज्य के रूप में बना दी-सीएम साय

 राज्यपाल को धन्यवाद ज्ञापन पर सीएम ने किए तीखे हमले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 फरवरी। विधानसभा में बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के जवाब में सत्तापक्ष ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस का सिंडिकेट वर्षों तक जनता को लूटता रहा और उसका खेल धरती के ऊपर भी था और धरती के नीचे भी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान कोयला घोटाला, आबकारी घोटाला, महादेव एप घोटाला और डीएमएफ जैसे मामलों से प्रदेश की छवि धूमिल हुई।

उन्होंने कहा कि कोयले के अवैध खेल से लेकर नकली होलोग्राम लगाकर शराब बेचने तक भ्रष्टाचार का जाल फैला रहा। यहां तक कि स्वामी आत्मानंद के नाम पर शुरू किए गए स्कूलों और डीएमएफ की राशि में भी कथित अनियमितताएं हुईं। आरोप लगाया गया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की पहचान घोटालों वाले राज्य के रूप में बना दी।

सीएम ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जो राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी, वह अब राजकोष में जमा हो रही है। वर्तमान सरकार उस राशि का उपयोग कृषक उन्नति योजना और महतारी वंदन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन में कर रही है।

चर्चा के दौरान सदन में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। कांग्रेस सदस्यों ने आरोपों का विरोध किया, जबकि सत्तापक्ष ने अपने रुख पर कायम रहते हुए पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल की जांच और कार्रवाई का उल्लेख किया।

उन्होंने आगे कहा छत्तीसगढ़ सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर वक्तव्य में कहा गया कि कांग्रेस के कार्यकाल में फैले भ्रष्टाचार के मामलों में बड़े लोगों को पकड़ा जा रहा है। पहले छोटे लोगों को पकड़ा जाता था, लेकिन अब बड़े मगरमच्छ जेल में हैं और बाकी भी जल्द ही जेल जाएंगे ।जनता की गाढ़ी कमाई में सेंध लगाने का हक किसी को भी नहीं है। हमने भ्रष्टाचार और सरकारी योजनाओं में लीकेज रोकने के लिए अनेक सख्त उपाय किए हैं। भ्रष्टाचार को समाप्त करने और पारदर्शिता लाने के लिए हमारा दृढ़ संकल्प और तकनीक वरदान साबित हो रही है।-


अन्य पोस्ट