रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 26 फरवरी। ग्राम तूता में प्रस्तावित फिल्म सिटी परियोजना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘जंगल बचाओ, पेड़ बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि फिल्म सिटी निर्माण के लिए तूता-माना क्षेत्र के जंगलों में पेड़ों की कटाई की जा रही है। रायपुर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि एक ओर सरकार ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर जंगलों की कटाई की जा रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन की घोषणा की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिपको आंदोलन की तर्ज पर विरोध जताया। कार्यक्रम में ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, शहर जिला अध्यक्ष शंकर मेनन, पंकज शर्मा, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष टिकेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू, प्रदेश सचिव प्रवीण साहू, राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के जिला अध्यक्ष भरत देवांगन, विनोद तिवारी, बलविंदर गांधी, नीलकमल गिलहरे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस संबंध में फिल्म सिटी परियोजना या वन विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।


