रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी। राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने से पहले टिकट के लिए सामाजिक लाबिंग तेज होने लगी है। साहू समाज ने कल भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह,और नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत से मिलकर एक एक सीट मांगा। साहू समाज का एक प्रतिनिधिमंडल ने लेखराम साहू कांग्रेस उम्मीदवार बनाने पीसीसी चीफ दीपक बैज से राजीव भवन मिलने पहुंचा । दूसरी ओर सरयूपरिण ब्राह्मण सभा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष
डॉ सुरेश शुक्ला ने कहा कि 2 सीटों के लिए दोनों ही दलों के द्वारा ब्राह्मण समाज की अनदेखी की जा रही है। ब्राह्मण समाज को अवसर दिया जाना चाहिए।दोनों दलों के पास योग्य ब्राह्मण नेता हैं। सरयूपारिण ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ के दोनों राजनीतिक दलों से गुजारिश करता है कि वे ब्राह्मण समाज की अनदेखी न करते हुए योग्य व्यक्ति को राज्यसभा भेजें। छत्तीसगढ़ अंचल से पूर्व में ब्राह्मण समाज को दोनों दलों ने राज्यसभा में प्रतिनिधित्व दिया था। वर्तमान में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में एक भी ब्राह्मण सदस्य नहीं हैं।
इसी तरह से रविदास समाज अनुसूचित जाति को प्रतिनिधित्व देने की मांग करते हुए शिरोमणी श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ छत्तीसगढ़ ने भाजपा व कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखा है। इसमें समाज के एक टिकट देने की मांग की।प्रदेश प्रवक्ता बुद्धेश्वर सोनवानी ने बताया छत्तीसगढ़ में संत रविदास के अनुयायियों ( रविदासिया चनार नेहर नोची अहिरवार सूर्यवंशी जाटव सरगुजिया) का इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद, उन्हें उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।समाज को राज्य निर्माण के 26 वर्षों बाद भी लंबे समय से प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 10 विधानसभा सीट व 1 लोकसभा सीट में एक भी प्रतिनिधि रविदास समाज का नहीं है।


