रायपुर

46 करोड़ की योजना में 23 करोड़ का घोटाला, सदन में घिरे राजस्व मंत्री
24-Feb-2026 8:22 PM
46 करोड़ की योजना में 23 करोड़ का घोटाला, सदन में घिरे राजस्व मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,24 फरवरी। अरपा- भैंसाझार परियोजना में गड़बड़ी का मामला मंगलवार को विधानसभा में उठा। भाजपा सदस्य धरमलाल कौशिक ने कहा कि 46 करोड़ की योजना में 23 करोड़ से अधिक का घोटाला हुआ है, और किसानों को सिंचाई के लिए पानी तक नहीं मिल पा रहा है। इस मामले में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने माना कि 10 लोगों अधिक भुगतान हुआ है, और उनसे राशि वसूल की जा रही है। गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अफसरों-कर्मियों को निलंबित किया गया है।

 प्रश्नकाल में भाजपा के  धरमलाल कौशिक ने कहा कि परियोजना में अनियमितता हुई है। असिंचित जमीन को सिंचित, और कम जमीन का ज्यादा भुगतान हुआ है।  एक पूरक सवाल के जवाब में वर्मा ने कहा कि परियोजना के प्रभावित 10 लोगों से 11 करोड़ 35 लाख की वसूली योग्य है। इनमें मनोज अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल,पवन अग्रवाल और अन्य हैं। कौशिक ने कहा कि 46 करोड़ की योजना थी जिसमें 23 करोड़ 56 लाख की अनियमितता हुई है। यह महत्वपूर्ण परियोजना थी, और अभी तक किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। गड़बड़ी के दोषियों से वसूली नहीं हो पाई है। मंत्री वर्मा ने कहा कि इस गड़बड़ी में लिप्त अधिकारियों को निलंबित किया गया है, और मुआवजा वापस लेने की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट