रायपुर

बिजली विभाग के नाम कॉल कर 1.56 लाख की ठगी, एप डाउनलोड कराते ही खाते से उड़ाई रकम
23-Feb-2026 7:41 PM
बिजली विभाग के नाम कॉल कर 1.56 लाख की ठगी, एप डाउनलोड कराते ही खाते से उड़ाई रकम

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 फरवरी। राजधानी में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटना मुजगहन थाना क्षेत्र के भटगांव की है, जहां बिजली मीटर लगवाने की प्रक्रिया के नाम पर एक व्यक्ति से 1.56 लाख रुपये ऑनलाइन ठग लिए गए। ठग ने खुद को बिजली कंपनी का कर्मचारी बताकर पहले विश्वास में लिया और फिर प्रोसेसिंग फीस के बहाने फर्जी लिंक भेजकर रकम पार कर दी।

पुलिस के मुताबिक भटगांव निवासी रोशन देवरात्रे (53) ने बिजली मीटर लगवाने के लिए पूर्व में आवेदन दिया था। इसी जानकारी का फायदा उठाते हुए शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे मोबाइल नंबर 7643020953 से उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को विद्युत कंपनी का स्टाफ बताया और कहा कि मीटर लगाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रोसेसिंग फीस जमा करनी होगी।

आरोपी ने रोशन के मोबाइल पर एक लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा। जैसे ही रोशन ने लिंक खोलकर एप इंस्टॉल किया, उनके बैंक खाते से 1,56,200 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए। कुछ देर बाद खाते से रकम कटने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

पीडि़त ने घटना की रिपोर्ट मुजगहन थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66-डी और धारा 318-4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी तक पहुंचने के लिए बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट