रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 फरवरी। राजधानी में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दो दिनों के भीतर मुजगहन थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान और चाय दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी व सामान पार कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमल विहार सेक्टर-8 निवासी सौरभ शुक्ला ने मुजगहन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 फरवरी को वह अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। अगले दिन लौटने पर उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर आलमारी खंगाली गई थी और उसमें रखी महंगी घड़ी व मोबाइल फोन गायब थे। आसपास तलाश करने पर सामान का कोई पता नहीं चला। आशंका है कि 20-21 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोर सूना मकान देखकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
दूसरा मामला ठीकरापारा क्षेत्र के कमल विहार का है। वेलफेयर सोसाइटी कमल विहार निवासी इंद्रमणी ने पुलिस को बताया कि सोसाइटी परिसर में उनकी चाय दुकान है। बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने दुकान का ताला तोड़ दिया और वहां से चूल्हा, गैस सिलेंडर समेत करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान पहुंचने पर ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।
दोनों शिकायतों पर मुजगहन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331-3, 305 और 304-1, 305 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।


