रायपुर

बाइक सवार ने युवक पर चाकू से हमला, आरोपी हिरासत में
23-Feb-2026 7:38 PM
बाइक सवार ने युवक पर चाकू से हमला, आरोपी हिरासत में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 फरवरी। राजधानी रायपुर के गुढिय़ारी क्षेत्र स्थित अशोक नगर इलाके में चाकू से हमला की घटना सामने आई है। बाइक सवार युवक ने मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल युवक की पहचान अमन प्रधान निवासी भाठागांव के रूप में हुई है। घटना रविवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अमन अपने दोस्त से मिलने अशोक नगर गया था। वापस लौटते समय बाइक सवार शुभम पटले ने लापरवाही से बाइक चलाते हुए अमन की बाइक को कट मार दिया।

इस पर अमन ने आरोपी को सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी। जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर आरोपी शुभम पटले ने अपने पास रखे चाकू से अमन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में अमन के गाल, सीने और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में अमन ने अपने दोस्तों और पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही गुढिय़ारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने शिकायत पर आरोपी शुभम पटले को हिरासत में ले लिया है। उसके पास से चाकू बरामद किया। गुढिय़ारी पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट