रायपुर
पेपर किसी के लिए आसान तो किसी के लिए टफ रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी। सीजी पीएससी - 25 के लिए प्रारंभिक परीक्षा आज रविवार को पूरे प्रदेश में एक साथ हुई। यह परीक्षा 238 पदों के लिए आयोजित की गई। इनमें सर्वाधिक 51 पद नायब तहसीलदार के हैं। दो पाली में सुबह 10 से 12 जनरल स्टडीज और दोपहर 3 से 5 तक एप्टीट्यूड टेस्ट हुई। राजधानी में 48 स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जहां पंजीकृत 19427 में से 76 फीसदी 14 हजार से अधिक शामिल हुए। करीब 4 हजार अभ्यर्थियों परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
जहां परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश की अनुमति दी गई। सभी को आधे बांह वाले कपड़े और बिना सोल वाले चप्पल पहनकर आने की अनिवार्यता थी। इसके प्रश्न पत्र भी सुबह 7 बजे कोषालय से कड़ी सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों को भेजे गए।
सुबह जनरल स्टडीज का पेपर देकर निकले अपनी अपनी तैयारियों के मुताबिक अभ्यर्थियों ने टफ और आसान दोनों बताया। इसमें छत्तीसगढ़ जनउला और केंद्रीय बजट से संबंधित प्रश्न भी रहे। किसी भी केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
पैरों से प्रश्न पत्र हल किया...
हिन्दु हाईस्कूल परीक्षा केन्द्र में दोनों हाथों से दिव्यांग एक अभ्यर्थी (युवती)ने अपने पैरों से प्रश्नपत्र हल किया। उसने इसके लिए किसी सहायक की भी मदद नहीं ली। नियमानुसार दिव्यांगों को सहायक दिया जाता है।


