रायपुर

मौसम में शुष्कता, रात में ठंड अब कुछ दिन और
16-Feb-2026 8:29 PM
मौसम में शुष्कता, रात में ठंड अब कुछ दिन और

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 फरवरी। मौसम में पूरी तरह से शुष्कता आ गई है।इसकी वजह से राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी के अंतिम दिनों तक पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम से पूर्व की ओर चलने वाली हवाओं के प्रबल होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान रायपुर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। रायपुर में पिछले तीन दिनों से राज्य के अन्य हिस्सों की तुलना में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह तक गर्मी का प्रभाव स्पष्ट रूप से महसूस होने लगता है। अभी दिन में धूप तेज हो रही है, जबकि रात के समय हल्की राहत बनी हुई है। जैसे-जैसे रात के तापमान में वृद्धि होगी, राज्य से ठंड की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। हालांकि, उत्तरी छत्तीसगढ़ में  ठंड का प्रभाव बना हुआ है।, जहां से मार्च के अंत तक सर्दी खत्म होने की संभावना है।


अन्य पोस्ट