रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एमडीएमए के साथ एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाना गोलबाजार क्षेत्रांतर्गत डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (डी.के.एस अस्पताल) के पीछे पार्किंग क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस को 14 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पार्किंग क्षेत्र में एमडीएमए रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
मुखबिर के बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को पकडक़र पूछताछ की गई। उसने अपना नाम चित्रांश पवार उर्फ गोल्डी (20 वर्ष) निवासी राजा तालाब अमर चौक, थाना सिविल लाइन रायपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 06.32 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 80,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपी से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य संबंधित आरोपियों के बारे में पूछताछ जारी है और एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।


