रायपुर
आरक्षक की गिरफ्तारी के बाद सप्लाई चेन तक पहुंची पुलिस, 5.5 ग्राम चिट्टा व जिंदा कारतूस बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 फरवरी। पुलिस सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11फरवरी को रायपुर में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को हेरोइन चिट्टा के विक्रय करते हुए 1 ग्राम चिट्टा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था।
उसे धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में एंड-टू-एंड कार्यवाही के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ कर अन्य आरोपी लक्की सिंह को भी पकड़ा। उसके कब्जे से 5.5 ग्राम चिट्टा हेरोइन एवं 1 जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में पुलिस ने धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट जोड़ी गई है।
इसी क्रम में न्यू राजेन्द्र नगर और आजाद चौक , टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा के पास चिट्टा बेचने ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान आरक्षक हिमांशु बर्मन (उम्र 34 वर्ष), निवासी ग्राम कुण्डा जिला कबीरधाम, हाल पता जनता कॉलोनी पुलिस लाइन रायपुर के रूप में हुई। उसके पास से प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा बरामद किया गया।
आरोपी के विरुद्ध धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड में लिया है। पूछताछ के दौरान हिमांशु बर्मन ने लक्की सिंह निवासी कुकरी पारा सुभाष नगर थाना पुरानीबस्ती रायपुर को 6 ग्राम चिट्टा हेरोइन बेचना करना स्वीकार किया ।पूछताछ के आधार पर लक्की सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट जोडक़र आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


