रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 फरवरी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में शहर को उत्कृष्ट रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम रायपुर में व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महापौर मीनल चौबे, नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर , निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इस कड़ी में जोन 7 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड 24 में घर-घर जाकर नागरिकों को गीला एवं सूखा कचरा पृथक रखने की समझाइश दी। अभियान जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, पार्षद श्रीमती दीप मनीराम साहू, राकेश शर्मा, आत्मानंद साहू के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
निगम ने कंपनी रामकी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर रहवासियों से अपील की गई कि वे प्रतिदिन नियमित रूप से गीला-सूखा कचरा अलग कर सफाई मित्र को सौंपें तथा सेनेटरी एवं घरेलू खतरनाक कचरे को भी पृथक रखें। नागरिकों को स्वच्छता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में समस्या होने पर टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान वार्डवासियों को सामूहिक स्वच्छता संकल्प भी दिलाया गया, ताकि रायपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लक्ष्य को सामूहिक सहभागिता से हासिल किया जा सके।


