रायपुर

आप की 14 से किसान न्याय जनसभा
13-Feb-2026 6:03 PM
आप की 14 से किसान न्याय जनसभा

भाजपा सरकार किसान विरोधी-पदाधिकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 फरवरी। आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 7 लाख किसानों का धान नहीं खरीदा, और अब पोटाश-यूरिया की कीमत बढ़ा दी है। पार्टी किसानों की समस्याओं को लेकर विधानसभा स्तर पर किसान न्याय जनसभा करेगी।

आप के प्रदेश महासचिव वइद आलम, कर्मचारी विंग के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा और अल्पसंख्यक विंग की प्रदेश अध्यक्ष अनुषा जोसेफ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण खरीफ फसल धान को प्रदेश के 7 लाख किसान अपनी धान बेचने से वंचित रह गए जिससे प्रदेश के लाखो किसानों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। भाजपा सरकार ने इस वर्ष प्रदेश के 7 लाख से अधिक किसानों का करीब  23 लाख टन धान नहीं खरीदा। सरकार ने 2.5 लाख पंजीकृत किसानों से उनका धान नहीं खरीदा और एग्रीस्टेक पोर्टल की परेशानियों तथा रकबा समर्पण के कारण 5 लाख से अधिक किसान अपना धान नहीं बेच पाये। सरकार ने पहले दिन से ही कम से कम किसानों से धान खरीदने का षडयंत्र रचा जिसमें वह सफल भी साबित हुई। सरकार ने उनका धान नहीं खरीद कर आर्थिक परेशानी में लाकर खड़ा कर दिया है। प्रदेश में पहली बार ऐसा हुआ कि धान नहीं बिकने तथा टोकन नहीं कटने की परेशानी के कारण एक दर्जन किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया तथा दो किसानों ने आत्महत्या भी कर लिया।

आप नेताओं ने कहा कि  अब सरकार ने पोटाश के दाम बढ़ा दिए, और  यूरिया पहले 50 किलो प्रति बैग आता था,उसे कुछ दिन पहले 45 किलो किया गया और अब 40 किलो प्रति बैग कर दिया गया। रेट 267 रुपए में कमी नहीं की गयी है। भाजपा सरकार पूरी प्लानिंग से किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है।

श्री झा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका से नई ट्रेड डील में अमेरिका के कृषि उत्पादों पर भारत सरकार ने 0 प्रतिशत टैरिफ लगाया है जबकि अमेरिका ने भारत पर 18 फीसदी टेरिफ लगाया है, अमेरिका का कृषि उत्पाद और डेयरी उत्पादन भारत में सस्ते दामों में मिलेगा,जिससे आने वाले समय में भारत की पूरी कृषि व्यवस्था और अन्नदाता किसान बर्बाद हो जाएंगे। निश्चित ही यह किसान विरोधी ट्रेड डील है। जिसे केंद्र सरकार को रद्द करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की इन्हीं सब समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी 14 फरवरी से विधानसभा स्तर पर किसान न्याय जनसभा करेगी जिसमें वहां के लोकल किसानों से संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याएं सुनी जाएगी तथा उनकी आवाज को प्रदेश स्तर पर आम आदमी पार्टी मजबूती से उठाएगी।


अन्य पोस्ट