रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 फरवरी। जेल रोड स्थित होटल बेबीलॉन में अमानत में खय़ानत का मामला साने आया है। होटल संचालक के अपने ही कर्मचारी पर पैसे लेकर फर्जी बैंक पर्ची दे फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर कर्मी के खिलाफ 316-4 का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भुपेन्दर सिंग खनुजा, निवासी वीआईपी रोड तेलीबांधा रायपुर, होटल बेबीलान इन, जेल रोड के संचालक हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 के मई माह में आरोपी मनदादी वेन्कट सतीश अग्नी को होटल में फ्रंट ऑफिस स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था। पढ़ा-लिखा होने के कारण आरोपी को बाद में अकाउंट सेक्शन का कार्य भी सौंपा गया। 6 सितंबर 2025 को होटल प्रबंधन के द्वारा आरोपी को 95 हजार रुपये नगद एक्सिस बैंक, जेल रोड रायपुर स्थित होटल के खाते में जमा करने के लिए दिए गए। आरोपी ने बैंक में रकम जमा करने के बाद होटल लौटकर जमा पर्ची सौंप दी, लेकिन इसके बाद अचानक होटल से चला गया और अपने मोबाइल नंबर बंद कर लिए।
बाद में बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि बैंक में जमा करने के लिए दिए गई 95 हजार रुपये खाते में जमा ही नहीं हुए, और आरोपी ने जो जमा पर्ची दी वह फर्जी निकला। आरोपी होटल की राशि को अपने पास रखकर फरार हो गया, जिससे होटल को आर्थिक नुकसान हुआ। मामले की शिकायत पर गंज पुलिस ने आरोपी मनदादी वेन्कट सतीश अग्नी, निवासी रंगारेड्डी जिला, तेलंगाना के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


