रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी। दो दिन पहले मोवा के आत्मानंद स्कूल के क्लास रूम में चाकू लहराते छात्रों का वीडियो सामने आते ही पुलिस ने शनिवार को शहर के उत्तर पुलिस जोन के स्कूल प्राचार्यों को तलब किया।
बैठक में पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जाए विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कर अनुशासनहीन एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। विद्यालयों में समय-समय पर बैग चेकिंग, आईडी कार्ड की अनिवार्यता, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण एवं सुरक्षा गार्ड की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे हमेशा आन रखने, प्रवेश-निकास द्वार पर निगरानी बढ़ाने, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, छात्र के व्यवहार में असामान्यता अथवा सुरक्षा से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित थाना एवं पुलिस अधिकारियों को दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


