रायपुर
इस्पात कंपनी के मैनेजर के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी। उरला में महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने उसे काम दिलाने का झांसा देकर रायपुर बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना उरला इलाके के सरोरा की है। मामले में आरोपी के खिलाफ 351-3, 64-2 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अंडी पेंड्रा निवासी ने बताया कि वो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। वर्ष 2023 में उसका परिचय फोन के माध्यम से राजाराम सरटिया निवासी कर्राडांड कोरबा से हुआ था। आरोपी ने स्वयं को रायपुर स्थित वंदना इस्पात कंपनी का मैनेजर बताकर उसे काम दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी के झांसे में आकर महिला 27 जनवरी 2025 को रायपुर आई, जहां उसे मजदूरी का काम दिलाया। इस बीच राजाराम उस पर बूरी नजर रखता था। आरोपी शराब के नशे में उसके किराए मकान में आकर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा और इस बारे में किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद महिला अपने गांव आ गई। जिसके बाद 15 मई 2025 को आरोपी ने उसके मायके पहुंचकर उसके साथ जबरदस्ती की। बार -बार शारीरिक शोषण से परेशान होकर महिला ने इसकी जानकारी
परिजनों को दी। परिवारवालों के कहने पर उसने 16 जनवरी 2026 को पेंड्रा थाना जाकर लिखित शिकायत की। पुलिस ने घटना उरला में घटीत होना पाए जाने पर इसकी सूचना उरला पुलिस को दी है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(एम)351(3) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।


