रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 फरवरी 2026। स्मार्ट मीटर की सुविधा का लाभ उठाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी उपभोक्ताओं को जागरुक करेगी। इसमें उन्हें अपने मोबाइल के माध्यम से स्मार्ट मीटर में दर्ज खपत को देखने और उनके अनुसार ऊर्जा की बचत करने के तरीके सिखाया जाएगा। इसके लिए 9 से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक देशभर में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
पखवाड़े के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज द्वारा उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसमें अग्रिम भुगतान की सुविधा, रीयल-टाइम बैलेंस की जानकारी, बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण, सही एवं पारदर्शी बिलिंग, विवादों में कमी, लो-बैलेंस एवं असामान्य खपत की सूचना, आसान रिचार्ज सुविधा तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के एजीएम (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस अवधि में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से संबंधित मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि स्मार्ट मीटर से मिलने वाले लाभ उपभोक्ताओं को सीधे दिखाई दें। जिन घरों में इस दौरान स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, वहाँ डेमोस्ट्रेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे।


