रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में 10 फरवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह समारोह विवादों में घिर गया है। कार्यक्रम लिए पंडाल आदि के लिए वर्कआर्डर जारी होने से पहले ही काम शुरू हो गया है। इस पूरे मामले में कांग्रेस ने सवाल उठाए है, और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सचिव सुबोध हरितवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह आयोजन भी बालोद में हुए स्काउट गाइड राष्ट्रीय जंबूरी की तरह नियमों की अनदेखी कर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि
बिना टेंडर बिना वर्क आर्डर टेंट लगाना शुरू करवा दिया गया है। जो एक बड़ा घोटाला होगा। उन्होंने बताया कि सीएसआईडीसी में इंपैनल पांच टैंट हाउस को आज अपने प्रेजेंटेशन के लिए आमंत्रित किया गया। इनमें से दो दिल्ली, दो रायपुर और एक बिलासपुर की फर्म है।उससे पहले ही टेंट लगाना शुरू कर दिया गया है। यह आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास शैल ठाकुर ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि अभी हमने कोई वर्कआर्डर जारी नहीं किया है। यह टैंट किसका, किस कार्यक्रम के लग रहा है, हमें नहीं पता।


