रायपुर

प्रतिबंधित सामग्रियों की डिलीवरी पर होगी कार्रवाई
03-Feb-2026 7:36 PM
प्रतिबंधित सामग्रियों की डिलीवरी पर होगी कार्रवाई

ऑनलाईन डिलीवरी कंपनियों के नोडल ऑफिसर की ली बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 फरवरी। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर)  स्मृतिक राजनाला  पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन)  उमेश प्रसाद गुप्ता के ने ऑनलाईन शॉपिंग और डिलीवरी एप के नोडल अधिकारियों की  बैठक ली ।

इसके अतिरिक्त ऑनलाईन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट, डिलिवरी, ब्लिंकिट, स्विगी, मिंतरा एवं ब्लू डॉट ऐसे 19 नोडल अधिकारी बैठक में सम्मिलित हुए।

बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध सामग्रियों की ऑनलाईन बिक्री एवं आपूर्ति पर प्रभावी नियंत्रण तथा साइबर एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर दिशा-निर्देश दिये गये।

पुलिस अधिकारियों ने  निर्देशित किया गया कि प्रतिबंधित ई-सिगरेट, गोगो पेपर, हुक्का एवं हुक्का से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री, साथ ही किसी भी प्रकार के चाकू, धारदार एवं घातक हथियार व नारकोटिक पदार्थ सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री की रायपुर में ऑनलाईन डिलिवरी किसी भी परिस्थिति में न की जाए।

ग्राहकों को ऑनलाईन ऑर्डर की गई सामग्री की डिलिवरी केवल उनके द्वारा ऑर्डर के समय दर्ज किए गए पते (घर, दुकान अथवा संस्था) पर ही करने तथा किसी भी स्थिति में रोड साइड पर डिलिवरी नहीं करने के निर्देश दिए गए।

ऑनलाईन शॉपिंग संस्थानों में कार्यरत सभी डिलिवरी बॉय, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने तथा नवीन रूप से नियुक्त कर्मचारियों का ज्वाईनिंग से पूर्व पुलिस सत्यापन  करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नोडल अधिकारियों से अन्य सुरक्षा एवं संचालन से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई तथा नोडल अधिकारियों द्वारा बताई गई समस्याओं एवं सुझावों पर समुचित कार्यवाही कर निराकरण करने का आश्वासन दिया गया।


अन्य पोस्ट