रायपुर

सरकार ने षडय़ंत्र पूर्वक लक्ष्य से कम धान खरीदा
02-Feb-2026 6:56 PM
सरकार ने षडय़ंत्र पूर्वक लक्ष्य से कम धान खरीदा

अभियान चलाकर 15 दिन और धान खरीदी की जाये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 फरवरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी बंद कर दी है।  लेकिन अभी भी प्रदेश के लाखों किसान अपना धान नहीं बेच पाये है। इस साल सरकार ने मात्र 53 दिन ही धान खरीदा। अंतिम तिथि भी 31 जनवरी थी, लेकिन अंतिम 2 दिन शनिवार और रविवार होने के कारण खरीदी नहीं हुई। पूर्व में घोषित 75 दिन भी पूरी खरीदी नहीं किया गया। इस वर्ष सरकार का घोषित लक्ष्य 165 लाख  टन था, लेकिन सरकार ने मात्र 139 लाख 85 हजार टन ही धान खरीदी किया गया। लक्ष्य से 25 लाख टन कम धान खरीदी किया गया। पिछले साल सरकार ने 149 लाख टन धान खरीदा था, इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले 9 लाख 15 हजार  टन कम की खरीदी की गयी।

 बैज ने कहा कि कुल 27 लाख किसानों का पंजीयन हुआ था, जिसमें से 2.5 लाख किसान अपना धान नहीं बेच पाये। लगभग 5 लाख किसानो का एग्रीस्टेक पोर्टल की परेशानी के कारण पंजीयन नहीं हुआ। किसानों को धान बेचने से रोकने बिना सहमति जबरिया रकबा सरेंडर करवा दिया गया। पूर्व से जारी टोकन को निरस्त करवाया गया। हजारो किसान सरकार के इस षडयंत्र का शिकार हुए।  बैज ने कहा कि सरकार की तरफ से कम खरीदी के लिये जश्न मनाया गया। अधिकारियों की तरफ से जिलेवार हुई धान खरीदी के आंकड़े जारी किये गये, जिसमें किस जिले में कितनी खरीदी हुई। पिछले साल से कितने प्रतिशत कमी हुई इसका ब्योरा है। सरकार ने अपने आंकड़े में माना है कि प्रदेश के अधिकांश जिलो में पिछले साल के मुकाबले कम खरीदी हुई इसके लिये खाद , राजस्व , सहकारिता विभाग नान एवं जिला तथा ब्लाक के अधिकारियो को एसएमएस के जरिये बधाई दिया गया है।

बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार अभियान चलाकर धान खरीदी 15 दिनों के लिये फिर शुरू करें ताकि बचे सभी किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीदा जा सके।

एपस्टीन फाइल पर  मोदी और भाजपा चुप क्यों है

 बैज ने कहा कि  एपस्टीन फाइल के बारे में मोदी और भाजपा चुप क्यों है इस मामले में प्रधानमंत्री और भाजपा को स्पष्टीकरण देना चाहिये की एपस्टीन फाइल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम से देश की छवि धूमिल हो रही है।


अन्य पोस्ट