रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 जनवरी। प्रदेश में धान खरीदी की तिथि खत्म होने में तीन दिन बाकी है। अब तक हजारों किसान धान बेचने से वंचित हैं। हालांकि शुक्रवार तक प्रदेश में सवा करोड़ मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है, और किसानों को करीब 28 हजार करोड़ रूपए भुगतान भी हो चुका है। मगर धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग भी हो रही है। इस कड़ी में मंगलवार को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सीएम विष्णुदेव साय से चर्चा भी की है।
प्रदेश के सरकारी समितियों में धान खरीदी की रफ्तार में तेजी लाने पर जोर दिया जा रहा है। धान के उठाव में देरी के कारण कई जगहों पर जाम लगा हुआ है। इसके कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। समर्थन मूल्य पर 31 तारीख तक धान खरीदी होगी। टोकन कटना 15 जनवरी के आसपास ही बंद कर दिया गया था। अभी भी धमतरी, जांजगीर-चाम्पा, सहित कई जिलों में धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने आज फोन पर सीएम विष्णुदेव साय से चर्चा की, और अब तक खरीदी की स्थिति की जानकारी दी।
चर्चा है कि नेताम धान खरीदी की तिथि बढ़ाने के पक्ष में हैं। इससे परे प्रदेश में अब तक 23 लाख 481 पंजीकृत किसानों ने धान बेच चुके हैं। पंजीकृत किसानों से अब तक एक करोड़ 24 लाख 86 हजार 723 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी हो चुकी है। इन किसानों को 29 लाख 597 करोड़ का भुगतान होना है। कुल मिलाकर 28 हजार 164 करोड़ किसानों को भुगतान किया जा चुका है। अपेक्स बैंक के चेयरमैन केदार गुप्ता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि किसानों को अधिकतम 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान हो जा रहा है। अब तक कुल खरीदी का 94.36 फीसदी राशि भुगतान किया जा चुका है। बताया गया कि पिछले साल एक करोड़ 44 लाख टन धान की खरीदी हुई थी। इस बार भी आंकड़ा इसके पार होने की उम्मीद जताई जा रही है।


