रायपुर
फाफाडीह शराब भट्टी के पास बुधवार रात की वारदात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जनवरी। फाफाडीह शराब भट्टी के पास बुधवार देर रात एक युवक अमर लोहार विश्वकर्मा की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी देवेंद्र नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अमर लोहार पर लूट के इरादे से हमला कर रहे थे। वारदात के दौरान युवक ने विरोध किया, जिसके चलते आरोपीयों ने उसे कई बार चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
पकड़े गए आरोपियों के नाम सागर, आलोक और वंश हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना रात के समय हुई जब युवक शराब भट्टी के पास सडक़ किनारे खून से लथपथ पड़ा मिला। गश्ती पर निकली पुलिस टीम ने उसे देखा और तुरंत मेकाहारा पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमर लोहार (29 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर गाल और पेट सहित छह से अधिक चोटों के निशान थे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी और उनकी शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। घटना के तुरंत बाद देवेंद्र नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने शक के आधार पर सागर, आलोक और वंश को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपीयों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतक से लूटा गया सामान बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी: वंश पाटक, पिता उत्तम पाठक, उम्र 20 साल, निवासी पुराना शीतला मंदिर पंडरी रायपुर। सागर दास(19) निवासी घड़ी चौक अर्जुन नगर, थाना सिविल लाइन रायपुर। आलोक यादव (19) निवासी भाटापारा।


