रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जनवरी। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर जोन ने रायपुर-जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम अब ‘मूक माटी एक्सप्रेस कर दिया गया है। यह निर्णय राष्ट्रसंत 108 आचार्य विद्यासागर महाराज की स्मृति और उनके विचारों को चिरस्थाई बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस नामकरण के पीछे मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद नवीन जैन के विशेष प्रयास बताए जा रहे हैं. इस संबंध में उन्होंने एक अक्टूबर 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा था। इसमें आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रसिद्ध रचना मूक माटी के नाम पर रखने की मांग की थी। इसे संज्ञान लेते हुए रेल मंत्रालय की ओर से कल 7 जनवरी को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं ।
जानें- कौन थे आचार्य विद्यासागर महाराज
आचार्य विद्यासागर महाराज जैन समाज के महान संत, दार्शनिक, साहित्यकार और आध्यात्मिक चिंतक थे। उन्होंने अपने जीवन में अहिंसा, संयम, त्याग और आत्मशुद्धि का संदेश दिया। उनकी रचना मूक माटी भारतीय साहित्य में एक विशिष्ट स्थान रखती है, जिसमें मौन, करुणा और मानव संवेदना का गहन दर्शन प्रस्तुत किया गया है। वे न केवल जैन समाज, बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए नैतिक प्रेरणा के स्रोत थे।


