रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जनवरी। अभी अभी राजधानी के खम्हारडीह के पार्वती नगर में बच्चा चोरी का मामला सामने आया है। जहां बच्चा चोरी के शक में लोगों ने महिला की पिटाई कर दी।इस बेदम पिटाई में महिला घायल हो गई है। लोगों का आरोप है बच्चा चुराते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ा गया है। इस हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं लोगों की भीड़ खम्हारडीह थाने में डटी है। लोग गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। महिला पर आरोप है कि वह एक बच्चे को बोरे में भरकर और दूसरे को गोद में लेकर भाग रही थी। उसे देख रहे बच्चों के पिता को महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने पीछा कर महिला को पकड़ लिया। महिला के पकड़े जाते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। इलाके में पहले से बच्चा चोरी की अफवाहों और घटनाओं की चर्चाओं के चलते लोगों में आक्रोश? गुस्साई भीड़ ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पार्किंग को लेकर मारपीट
रायपुर के डीडी नगर में कार पार्किंग के दौरान स्कूटी की ठोकर लगने को लेकर विवाद हो गया। पड़ोसी नरेश मिश्रा और प्रियांश मिश्रा ने नरेन्द्र के साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। झगड़ा होता देख बीच बचाव करने आए लोगों पर भी मारपीट कर धमकी दी गई। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।