रायपुर

ट्राइबल गेम्स उद्घाटन के लिए सीएम साय का मांडविया को आमंत्रण
03-Jan-2026 6:01 PM
ट्राइबल गेम्स उद्घाटन के लिए सीएम साय का मांडविया को आमंत्रण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल रात  दिल्ली पहुंचे। जहां वे राष्ट्रीय नेताओं से नव वर्ष भेंट करेंगे। साय ने रात नई  केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित "प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स – 2026" के सफल आयोजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री श्री मांडविया को उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने अवगत कराया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 07 मुख्य खेलों की स्पर्धाएँ आयोजित की जाएँगी, वहीं 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रस्तावित आयोजन के अनुसार

सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी एवं वेटलिफ्टिंग,रायपुर में हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी तथा बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने  कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा।  केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने आयोजन की सभी तैयारियों में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने श्री मनसुख मांडविया को ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।  मुख्यमंत्री ने देश में कार्यान्वित ऐतिहासिक लेबर कोड के लिए भी केंद्रीय मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा कवरेज और श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता एवं सरलता को नई दिशा मिली है।


अन्य पोस्ट