रायपुर
लोग पानी उबालकर नहा रहे, प्यूरीफाई पानी खरीदकर पी रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जनवरी। इंदौर में गंदे पानी के कारण 14 से अधिक बच्चों और बड़ों की मौत के बाद रायपुर के भी निचले इलाकों और सोसायटियों में भी लोग सकते में हैं। ये लोग भी गंदे पानी की आपूर्ति से जूझ रहे हैं। और निगम प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। दो माह पहले ही छत्तीसगढ़ ने एक खबर प्रकाशित की थी जिसमें जल कार्य विभाग के वरिष्ठ अभियंता ने दूषित जल की सप्लाई को खारिज किया था।
इधर आज रायपुर सेल्स टैक्स कालोनी, गायत्री नगर,पिंक सिटी,स्टील सिटी के दर्जनों घरों में एक महीने से बदबूदार और गंदा पानी आने की शिकायत सामने आई है। लगातार शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। पिंक सिटी के लोगों ने बताया,कालोनी के बच्चे बीमार पडक़र अस्पताल में भर्ती थे। पानी इतना गंदा आ रहा है की दो बार घर का फिल्टर बदलना पड़ा है। कई परिवार हर दिन 300 रुपए में पानी का कटेंनर खरीद रहे हैं। पहले लोगों ने सोचा ओवर हैड टैंक गंदा से दो बार टैंक साफ करवाया लेकिन समस्या हल नहीं हुई। पता लगा हर घर में गंदा पानी आ रहा है। मौके पर पहुंची महिला ने टीम को पानी का वीडियो दिखाया इसमें नाली के पानी की तरह कालापन था। निगम के अधिकारियों ने भी गंदा पानी आने की बात स्वीकार की। लोगों ने कहा कि निगम क्या किसी की मौत के बाद ही गंभीर होगा।


