रायपुर

स्कूटी को ठोका, लेनदेन विवाद पर बुजुर्ग से मारपीट
02-Jan-2026 8:29 PM
स्कूटी को ठोका, लेनदेन विवाद पर बुजुर्ग से मारपीट

चेन, ईंट से हमला हुआ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जनवरी। राजधानी के टिकरापारा, डीडीनगर और आरंग इलाके में न्यूईयर के दिन मारपीट की घटनाएं हुई। इनमें स्कूटी को ठोकर लगने, पुराना लेनदेन और भागवत कथा आयोजन के दौरान दंपत्ति से विवाद हुआ। इस दौरान गाली गलौज और चेन, ईंट से हमला हुआ। पीडि़तों ने थाना जाकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

 टिकरापारा पुलिस के मुताबिक रावतपुरा कॉलोनी इलाके में बीती रात युवक पर हमला हो गया। यह विवाद स्कूटी को ठोकर मारने की बात पर हुआ। अखंड प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि 31 दिसंबर की रात करीब 10.30 बजे वह सामान लेने पाल फैंसी दुकान गया था। दुकान के बाहर खड़ी उसकी ई-स्कूटी को अज्ञात वाहन चालक ने ठोकर मार दी। जिससे स्कूटी का मिरर टूट गया।

जब वह मिरर उठा रहा था, तभी वही व्यक्ति दोबारा वहां पहुंचा और पूछताछ करने पर गाली-गलौच करते हुए लोहे की चैन से हमला कर दिया। हमलावर के साथ मौजूद अन्य लोगों ने भी गाली दी और स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

उधर डीडी नगर इलाके के चंगोराभाठा में पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर एक बुजुर्ग के साथ गंभीर मारपीट हुई है। तरूण पारधी ने बताया कि 31 दिसंबर की शाम करीब 7.30 बजे उसके पिता राजेन्द्र पारधी घर के सामने कुर्सी पर बैठे थे। तभी पड़ोसी राज उईके उर्फ बाजा उर्फ राजा वहां पहुंचा और उधार लेनदेन की बात को लेकर गाली-गलौच करने लगा।

मना करने पर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने पास में पड़े ईंट से हमला किया। जिससे बुजुर्ग के सिर चोटें आईं। घायल का इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

इधर, आरंग थाना क्षेत्र में भागवत कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। 1 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे खुशबू साहू के घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटा गया। दरवाजा खोलने पर पुष्पा सोनी और उसका भाई नारायण सोनी बाहर खड़े थे। नारायण सोनी ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और दोनों ने मिलकर महिला के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

 बीच-बचाव करने आए महिला के पति भोला साहू के साथ भी विवाद हुआ। मारपीट से महिला के होंठ, नाक और पेट में चोट आई है। पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की।


अन्य पोस्ट