रायपुर
खिडक़ी का ग्रील काट कर घुसे थे चोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 दिसम्बर। मुजगहन इलाके के अविवा प्राईड कॉलोनी, कांदुल रोड बोरियाखुर्द में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया है। खिडक़ी की ग्रील तोडक़र घर में घुसकर वहां से नकदी सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना 24 से 28 के बीच की है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कॉलोनी निवासी जोस्टिन, जो कि सीएससीबी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 24 दिसंबर 2025 को अपने पूरे परिवार के साथ अपने गृहग्राम धरमजयगढ़ गए हुए थे। घर में ताला लगाकर उन्होंने आलमारी में सोने-चांदी के जेवरात एवं नकदी रखे थे। इस बीच 24 से 28 दिसम्बर के बीच उसके कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ लोगों द्वारा रात में कॉलोनी में 2-3 संदिग्ध व्यक्तियों के घूमने का वीडियो फुटेज साझा किया था। तब जोस्टिन ने मकान के पीछे खाली स्थान है, इसलिए उन्हें ने आशंका हुई तो वे उसी दिन शाम करीब 6 बजे अपने घर वापस लौट आए। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि ग्राउंड फ्लोर के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और खिडक़ी में लगे ग्रील के 2-3 छड़ उखड़े हुए थे। सभी कमरों की जांच की गई तो ऊपर के बेडरूम की खिडक़ी की ग्रील तोडक़र भीतर प्रवेश करने और आलमारी का ताला तोडऩे का पता चला। चोरों ने आलमारी से 85,000 नकद, लगभग 60 ग्राम सोने के जेवरात जिनमें 4 अंगूठियां, ईयररिंग, रानी हार व झुमका शामिल हैं। 700 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी हुए थे। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 3 लाख 85 हजार बताई जा रही है।
जोस्टीन ने इस बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की पर कोई सुराग नहीं मिली। तब जाकर उसने मुजगहन थना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305, 331(4) का अपराध दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।