रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 दिसंबर। डी एड के हड़ताली शिक्षकों ने शुक्रवार रात सीएम साय से चर्चा विफल होने के बाद रविवार दोपहर तूता में मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया। प्रदेश में 2300 सहायक शिक्षक की सेवाएं समाप्त करने के बाद डी एड प्रशिक्षित शिक्षकों ने छठवां लिस्ट जारी करने,अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर बीते 20-22 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। आमरण अनशन के कारण शिक्षकों की स्थिति बिगड़ गई है। इनमें एक शिक्षका गीतांजलि कौशिक चक्काजाम स्थल पर मुर्छित होकर गिर पड़ी जिसे पुलिस की गाड़ी ने पास के अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी।
सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का अनशन जारी है। डेढ़ सौ अभ्यर्थी अनशन कर रहे हैं, और इसमें दर्जनभर अभ्यर्थियों की तबियत बिगड़ गई है।
माना-तूता धरना स्थल पर कडक़ड़ाती ठंड में प्रदेश भर से डेढ़ सौ से अधिक डीएड अभ्यर्थी अनशन पर बैठे हैं। इनमें कल शनिवार को भी दस अभ्यर्थियों की तबियत खराब हो गई है। इन्हें एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, और ये सभी ड्रिप चढ़ाकर वापस अनशन पर बैठ गए हैं।
कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने आंदोलनकारी शिक्षकों के आंदोलन का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से मांग की है कि उच्च न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन किया जाकर तत्काल डी एड प्रशिक्षित शिक्षकों को नियुक्ति दिया जावे।