रायपुर

कल से 31 तक 4 लाख कर्मी हड़ताल पर मोदी की गारंटी को निभाए सरकार- फेडरेशन
28-Dec-2025 8:08 PM
कल से 31 तक 4 लाख कर्मी हड़ताल पर  मोदी की गारंटी को निभाए सरकार- फेडरेशन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 दिसंबर। मोदी की गारंटी लागू करने में छत्तीसगढ़ सरकार के उदासीन रवैये से त्रस्त 4 लाख से अधिक अधिकारी कर्मचारी 29 से 31 दिसंबर तक  हड़ताल कर आक्रोश व्यक्त करेंगे।  फेडरेशन का कहना है कि प्रदेश के कर्मचारियों के लिए मोदी की गारंटी की उपेक्षा से कर्मचारी जगत में सरकार के विरुद्ध  बड़ी नाराजगी है।नवा रायपुर स्थित सभी विभागाध्यक्ष कार्यालयों में तालाबंदी होने का दावा फेडरेशन ने किया है। वहीं निगम,मण्डल, बोर्ड,आयोग,स्कूलों में भी तालाबंदी की संभावना है।

फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा,बी.पी. शर्मा,राजेश चटर्जी, चंद्रशेखर तिवारी,पवन शर्मा, जी.आर.चंद्रा, रोहित तिवारी,संजय सिंह,संजय ठाकुर, केदार जैन,मनीष मिश्रा,पंकज पांडेय, बिंदेश्वर रौतिया एवं अरुण तिवारी ने बताया कि फेडरेशन  ने मोदी की गारंटी लागू करने कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपा है। ध्यानाकर्षण के लिए  22 अगस्त को प्रदेश बंद हड़ताल हुआ था। लेकिन अभी तक हालात यह है कि सरकार के अंदरखाने में कर्मचारियों के लिये मोदी की गारंटी को पूरा करने की कोई सुगबुगाहट नहीं है। इससे मायूस लाखों कर्मचारियों ने यह कदम उठाया है।

फेडरेशन की 11 मांगे

  1. केंद्र के समान कर्मचारियों  पेंशनरों को देय तिथि से डीए।
  2. डीए एरियर्स की राशि जीपीएफ खाते में समायोजन।
  3. सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान ।
  4. विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट  सार्वजनिक हो।
  5. प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर  संपूर्ण सेवा लाभ, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण।
  6. सहायक शिक्षकों एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान ,निकाय के कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन एवं समयबद्ध पदोन्नति ।
  7. अनुकंपा नियुक्ति नियमों में 10 प्रतिशत सीलिंग का शिथिलीकरण।
  8. प्रदेश में कैशलेश इलाज सुविधा ।
  9. 300 दिनों का अर्जित अवकाश नगरीकरण।
  10. दैनिक,अनियमित,संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की ठोस नीति ।
  11. सभी विभागों में  सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष की जाए।

अन्य पोस्ट